आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने खुद पर बरसाए कोड़े,जानें कहाँ अनोखे अंदाज में की देवी देवताओं अराधना

सुकमा । जिले में 12 साल बाद राज मंडाई (मेला) का आयोजन किया गया है। इस ऐतिहासिक मेले में प्रदेश के आबकारी मंत्री और सुकमा के कोंटा विधानसभा से विधायक कवासी लखमा भी शामिल हुए। उन्होंने खुद पर जंजीर से कोड़े बरसाए। साथ ही हाथों में मोर पंख पकड़ कर पारंपरिक अंदाज में देवी-देवताओं की आराधना की। यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने पारंपरिक तरीके से देवी-देवताओं की आराधना की।
आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने पारंपरिक तरीके से देवी-देवताओं की आराधना की।
9 अप्रैल से मेला शुरू हुआ है, जो 12 अप्रैल तक चलेगा। इसमें सुकमा, समेत पड़ोसी राज्य आंध्रप्रदेश और ओडिशा के देवी-देवताओं के देव विग्रह शामिल होते हैं। आस्था, परंपरा की झलक इस मेले में देखने को मिलती है। इस राज मंडाई में केरलापाल परगना के लोग आयोजन करवाते हैं। इसे देखने और बस्तर के रीति-रिवाज संस्कृति को समझने देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग यहां आते हैं।

राज मंडाई में आदिवासी और पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना करते हुए कवासी लखमा।

हिम्मत देवी-देवता ही देते हैं -लखमा

मेले में शामिल होकर खुद पर कोड़े बरसाने वाले आबकारी मंत्री ने कहा कि, कोड़े बरसाना आसान नहीं हैं। हिम्मत देवी-देवता ही देते हैं। वहां मौजूद कुछ और लोगों ने भी अपनी आस्था दिखाई। किसी ने मुंह में गालों के बीच से सरिया आर-पार किया तो किसी ने पारंपरिक नृत्य किया।

राज मंडाई में पड़ोसी राज्यों से भी देवी-देवताओं के देव विग्रह शामिल होते हैं।

जानिए इतिहास

सुकमा राज परिवार के सदस्य रामराजा मनोज देव ने बताया कि, सुकमा रियासत के हिसाब से 440 गांव के देवी-देवता इसमें शामिल होते हैं। यह मेला हर 12 साल में किया जाता है। उन्होंने बताया कि, सालों पहले जयपुर के राजा और सुकमा के राजा के बीच युद्ध हुआ था। जिसे सुकमा के राजा ने जीता था। उन्होंने अपने क्षेत्र को बढ़ाया था। उसी जीत की खुशी में हर साल राज मंडाई (मेला) का आयोजन किया जाता है।