मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर । छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर(MCB) जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां नदी में छुई मिट्टी की खुदाई के दौरान मिट्टी धंस गई। जिसमें दबकर 4 लोगों की मौत हो गई है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
मामला खड़गवा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बंजारीडांड मौहारी पारा के लोहरिया नदी में मजदूर छुई मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हादसा हो गया है। माना जा रहा है कि अंदर और भी लोग फंसे हो सकते हैं। फिलहाल जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
घटा के बाद तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को भी दी गई थी। जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं सूचना मिलने पर बैकुंठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव भी मौके पर पहुंची। ऐसा कहा जा रहा है कि हादसा शाम के 6 बजे के आस-पास हुआ है। फिलहाल मरने वालों के नाम सामने नहीं आ सके हैं। उधर, घटना को लेकर सीएम भूपेश बघेल ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों के हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं।
5 महीने पहले 6 की मौत हुई
5 महीने पहले बस्तर जिले में स्थित एक छुई खदान धंसने से वहां काम कर रहे 6 मजदूरों की दबने से मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल थे। दो घायलों में एक 14 साल की लड़की भी शामिल थी। मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक मलबा हटाकर सर्चिंग अभियान चलाया था। मलबा हटाने के बाद वहां कोई और लोगों के नहीं दबे होने की पुष्टि होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया गया था।