0 चोरी का माल ले जाने में इस्तेमाल बाइक जब्त
कोरबा। गेवरारोड से पेंड्रारोड जाने वाली नई रेलवे लाइन के घुड़देवा क्षेत्र से करीब 300 मीटर विद्युत प्रवाह के लिए उपयोग होने वाली कॉपर कैटेनेरी वायर चोरी करने के मामले में बांकीमोंगरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में चोरी की गई सामग्री खरीदने वाला व्यक्ति भी शामिल है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक 31 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी अभिषेक कुमार पंडित ने थाना बांकीमोंगरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर की सुबह के बीच घुड़देवा क्षेत्र में नई रेलवे लाइन परियोजना में विद्युत प्रवाह के लिए लगाई गई करीब 300 मीटर कॉपर कैटेनेरी वायर चोरी हो गई। चोरी गए तार की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई थी।
शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के निर्देशन में आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान घुड़देवा रेलवे लाइन से चोरी किया गया कॉपर वायर कबाड़ी के जरिए बेचे जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर चोरी के संदेही गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटेल तक पहुंच बनाई। पूछताछ में पुलिस को चोरी के तार को कबाड़ी दुकान में बेचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी खरीददार सिद्ध कुमार बघेल को भी पकड़ा।
