राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा कोरबा से होकर गुजरेगी ,भाजपा की नजर में रोजगार की परिभाषा पकौड़ा तलना: आकाश शर्मा

कोरबा। मोदी सरकार युवाओं को रोजगार दिलाने का सब्जबाग दिखाकर सत्ता में काबिज हुई है। हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था। मोदी शासन काल में रोजगार तो नहीं मिला उल्टे रोजगार छिन गया है। भाजपा ने रोजगार की परिभाषा ही बदल दिया है। उनके अनुसार पकौड़ा तलना ही रोजगार है।
मोदी शासन काल में कोई भर्ती नहीं निकली है, जिसे लेकर युवा कांग्रेस द्वारा राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान रोजगार दो न्याय दो का अभियान चलाया जा रहा है।

उक्त बातें युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने प्रेस क्लब तिलक भवन में पत्रकारों से चर्चा के दौरान के कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहले कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकाली गई थी। इस बार भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से मुंबई तक निकलेगी। यह यात्रा कोरबा से भी होकर गुजरेगी। श्री शर्मा ने कहा कि युवा कांग्रेस हर ब्लाक स्तर पर जा रही है। बेरोजगारी के मुद्दे पर उनके अभियान को बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। युवा कांग्रेस के रोजगार दो न्याय न्याय दो अभियान को डिजिटल तरीके से भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसका पोस्टर भी प्रेस वार्ता के दौरान लॉन्च किया गया। युवा कांग्रेसी लोगों तक जाकर रोजगार के मुद्दे में मोदी सरकार की असफलता को सामने लाएंगे। रामलला के अयोध्या में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा के सवाल पर उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस राम का विरोध नहीं करती। राम हम सबके हैं। वह मोदी सरकार के इस तरह के धर्म की राजनीति का विरोध करती हैं। प्रेस वार्ता में महासचिव अनिमेष, आशिका कुजूर, विकास विक्की सिंह सहित अन्य मौजूद थे।