कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में लंबे समय से चली आ रही हवाई सेवा की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। केंद्र सरकार की उड़ान योजना में कोरबा को शामिल किया गया है। इसके तहत रूमगरा एयरस्ट्रिप को विकसित कर कमर्शियल एयरपोर्ट के रूप में तैयार करने की योजना है। सिविल एविएशन की ओर से इस वर्ष के बजट में इसके लिए 10 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि का प्रावधान किया गया है। जल्द ही तकनीकी टीम कोरबा पहुंचकर एयरस्ट्रिप का सर्वे करेगी।
👉जामबहार की ओर बढ़ेगा रनवे
प्रस्तावित योजना के अनुसार रूमगरा एयरस्ट्रिप का जामबहार की ओर विस्तार किया जाएगा। इसके लिए रनवे की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाने के साथ टर्मिनल भवन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। तकनीकी और व्यावहारिक सर्वे के बाद एयरपोर्ट विकास की आगे की प्रक्रिया तय होगी। बताया गया है कि आने वाले कुछ महीनों में सर्वे और मूल्यांकन का काम पूरा होने की संभावना है।
👉14 साल से हवाई सेवा का इंतजार

कोरबा में हवाई सेवा शुरू करने की कोशिश काफी पुरानी है। दिसंबर 2012 में राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ एविएशन अकादमी के माध्यम से प्रदेश के पांच शहरों में एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी की थी, जिसमें कोरबा भी शामिल था।
उस दौरान रूमगरा एयरस्ट्रिप से छह सीटर एयर टैक्सी का ट्रायल भी किया गया था। रायपुर के लिए किराया तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन रनवे विस्तार और तकनीकी कारणों के चलते योजना आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में कोरबा से जुड़े अंबिकापुर में नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई। अब उड़ान योजना में कोरबा के शामिल होने से एक बार फिर शहरवासियों की उम्मीद बढ़ी है।
👉बिजली कंपनी की जमीन पर बनी एयरस्ट्रिप
रूमगरा एयरस्ट्रिप का निर्माण 1980 के दशक में कोरबा पूर्व बिजली संयंत्र के निर्माण के दौरान अधिकारियों और विदेशी इंजीनियरों की आवाजाही के लिए किया गया था। उस समय यहां चार्टर विमान उतरते थे। बाद में बिजली कंपनी के लिए इसका इस्तेमाल सीमित हो गया।
करीब दो दशक पहले बालको के विस्तार प्रोजेक्ट के दौरान बालको प्रबंधन ने एयरस्ट्रिप का उपयोग शुरू किया। वर्तमान में इसके रखरखाव और सुरक्षा की जिम्मेदारी बालको के पास है। हालांकि समय-समय पर शासन के विमान भी यहां उतरते रहे हैं।
👉एयरपोर्ट बनने से उद्योग और पर्यटन को मिलेगा फायदा
रूमगरा में कमर्शियल एयरपोर्ट विकसित होने के बाद कोरबा सीधे हवाई संपर्क से जुड़ सकेगा। इससे यात्रियों को रायपुर सहित अन्य शहरों तक पहुंचने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। हवाई कनेक्टिविटी बेहतर होने से उद्योगपतियों, व्यापारियों और निवेशकों की आवाजाही भी आसान हो सकती है। इसके अलावा कोरबा के पर्यटन स्थलों को भी बेहतर हवाई संपर्क का लाभ मिलने की संभावना है। इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
👉कलेक्टर बोले- जल्द पहुंचेगी तकनीकी टीम
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि केंद्र सरकार की उड़ान योजना में कोरबा को शामिल किया गया है। सिविल एविएशन की ओर से इस वर्ष के बजट में 10 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि का प्रावधान किया गया है। फिलहाल प्रक्रिया शुरुआती चरण में है और जल्द ही तकनीकी टीम कोरबा पहुंचकर रूमगरा एयरस्ट्रिप का सर्वे करेगी। एयरस्ट्रिप के विस्तार और सर्वे के बाद कोरबा को हवाई सेवा से जोड़ने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सोर्स :newspowerzone.com
