कोरबा । सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने आखिरकार खाद्य विभाग की नींद खोल दी। वीडियो में न्यू दिल्ली स्वीट्स की कथित अव्यवस्थाओं को लेकर उठे सवालों के बाद आज खाद्य विभाग की टीम ने कोरबा स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की सत्यता सही पाई गई, जिसके बाद फर्म के खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच में हाइजीन व्यवस्था में सुधार की जरूरत पाए जाने पर विभाग ने फर्म को हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सुधार कार्य करने का नोटिस जारी किया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि जब तक फर्म में स्वच्छता और हाइजीन व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हो जाती, तब तक फर्म में क्रय-विक्रय बंद रहेगा और लाइसेंस सस्पेंड रहेगा।
👉वायरल वीडियो बना कार्रवाई का आधार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर सामने आई शिकायत के बाद विभाग ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की। निरीक्षण में वीडियो में दिखाई गई स्थिति की पुष्टि होने के बाद विभाग ने महज नोटिस तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि सुधार होने तक कारोबार पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
👉प्रेम जनरल स्टोर से चायपत्ती का सैंपल
इधर, दर्री रोड स्थित प्रेम जनरल स्टोर भी खाद्य विभाग की जांच के दायरे में आया है। यहां प्राप्त शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने फर्म से चायपत्ती का सैंपल जांच के लिए लिया है। अब सैंपल की जांच रिपोर्ट के बाद ही चायपत्ती की गुणवत्ता को लेकर तस्वीर साफ होगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। खासकर सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों से जुड़े वीडियो अब विभागीय कार्रवाई का आधार बनते नजर आ रहे हैं।
