छत्तीसगढ़ के सुकमा के इस इलाके में जवानों ने मार गिराए 5 लाख के इनामी नक्सली …..

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के सलातोंग इलाके में लगातार नक्सलियों के होने की सूचनाएं मिल रही थी। जिसके बाद संयुक्त आपरेशन चलाया गया जिसमें एक नक्सली मारा गया। जिसकी पहचान 5 लाख का इनामी मुचाकि मंगडू के रूप में हुई। वहीं मौके से एक 9 एमएम पिस्टल बरामद हुई है। ये जवानों की बड़ी सफलता है।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने प्रेसवार्ता के दौरान मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने कहा कि जिले के सलातोंग इलाके में लगातार नक्सलियों के होने व घटना करने की आशंका के बीच जवानों को सर्चिंग अभियान के लिए भेजा गया था। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें जवानों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक नक्सली का शव बरामद किया गया जिसकी शिनाख्त मुचाकि मंगडू एसीएम सदस्य के रूप में हुई जिस पर पांच लाख का इनाम घोषित था। वहीं मौके से 9 एमएम पिस्टल, हैंडसेंट व सामग्री बरामद की गई। एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि ये जवानों के लिए बड़ी सफलता है, क्योंकि उस इलाके में काफी दहशत का माहौल था। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन चलाए जा रहे हैं। साथ ही शासन की योजनाओं को पहुंचाने का काम किया जा रहा है। हमारे द्वारा उन लोगों को भी इनाम दिया जाएगा जो नक्सलियों की सूचना देगा। मैं मीडिया के माध्यम से अपील करता हूं कि हिंसा का रास्ता छोडक़र आत्मसमर्पण कर विकास कार्यों में भागीदारी निभाएं। इस दौरान पुलिस अधिकारीगण मौजूद थे।