रायपुर। 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच चुके प्रचंड गर्मी के तेवर ,हीट वेव से लोगों के बिगड़ते स्वास्थ्य से चिंतित राज्य सरकार ने आखिरकार अब बच्चों की प्रथम पाठशाला कहे जाने वाली आंगनबाड़ी की भी सुध ली है । महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्रालय ने आदेश जारी कर आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन समयावधि
2 घंटे कर दिया है। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार ग्रीष्म काल के दौरान शासन ने सुबह 7 से 11 बजे तक आंगनबाड़ी संचालन का आदेश दिया था। नये आदेश पर अमल करते हुए अब आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन सिर्फ 2 घंटे यानी सुबह 7 से 9 बजे के बीच के बीच किया जाएगा।

अब तक ग्रीष्म काल को देखते हुए शासन ने आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन सुबह 7 से 11 बजे किया था।
नये आदेश के अनुसार प्रचन्ड गर्मी के बीच बच्चो की सुरक्षा को देखते हुए अब प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों का संचालन सुबह 7 से 9 बजे के बीच होगा। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में पहुंचने वाले सभी बच्चों को पूरक पोषण आहार का वितरण किया जाएगा। आदेश में बताया गया है कि गर्मी कम होते ही एक जुलाई से केन्द्रों का संचालन सुबह 7 से 11 बजे तक किया जाएगा।
एक जुलाई के बाद सभी केन्द्रों को संचालन 9.30 बजे से 3.30 बजे तक होगा। महिला एवं बाल विकास बिलासपुर कार्यालय के अनुसार आदेश पर अमल किया जा रहा है। सुबह 2 घंटे के अन्दर बच्चों को पूरक पोषण आहार का वितरण कर लिया जाएगा। इस दौरान गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। नये आदेश से निश्चित रूप से बच्चों और उनके परिजनों की चिन्ता दूर होगी।कोरबा जिले में भी दस परियोजनाओं के 2599 आंगनबाड़ी केंद्रों के 1 लाख से अधिक हितग्राहियों को इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा। साथ ही कार्यकर्ता,सहायिकाओं को भी भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। डीपीओ श्रीमती रेनू प्रकाश ने समस्त परियोजना अधिकारियों को उक्त आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। कहीं भी उक्त आदेशों के अवहेलना की शिकायत मिली तो नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

