आकांक्षी जिला कोरबा चुनावी वर्ष में अधिकारी विहीन , जिला पंचायत के बाद अब नगर निगम भी हुआ अधिकारी विहीन ,आईएएस प्रतिष्ठा ममगाई सीईओ जिला पंचायत बस्तर बनीं,जशपुर सूरजपुर के कलेक्टर बदले ,देखें 10आईएएस का तबादला आदेश ….

रायपुर/कोरबा। चुनावी वर्ष में आकांक्षी जिला कोरबा का पंचायत व नगर निगम अधिकारी विहीन रह गया है। पहले ही लगभग डेढ़ माह से प्रभार के भरोसे में चल रहे जिला पंचायत के बाद अब नगर निगम भी अधिकारी विहीन हो गया। निगम आयुक्त आईएएस सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई का सीईओ जिला पंचायत बस्तर के पद पर तबादला हो गया है। लिहाजा नगर निगम के साथ अब जिला पंचायत भी अधिकारी विहीन हो गया है। जिला गठन के बाद ऐसा पहली बार हुआ है कि राज्य शासन ने दोनों विभागों के अधिकारियों का तबादला कर दिया हो और उनकी जगह किसी भी अधिकारी की पदस्थापना नहीं की। जिससे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के निर्माण एवं विकास कार्यों पर इसका असर पड़ सकता है।

छत्‍तीसगढ़ सरकार ने आज 10 आईएएस अफसरों का ट्रांसफर कर दिया है। इसमें दो जिलों के कलेक्‍टर भी शामिल हैं। सामान्‍य प्रशासन विभाग से जारी आदेश के अनुसार रवि मित्‍तल को जनसंपर्क विभाग का नया आयुक्‍त बनाया गया है। सूजरपुर कलेक्‍टर रोहित व्‍यास का जशपुर तबादला कर दिया गया है, उन्‍हें सीएम के गृह जिले का कलेक्‍टर बनाया गया है।
दूसरी तरफ इस तबादला आदेश के बाद अब कोरबा जिला में निगम आयुक्त की भी कुर्सी खाली हो जाएगी।

इसके डेढ़ माह पहले जिला पंचायत सीईओ संबित मिश्रा का भी बीजापुर कलेक्टर के पद पर तबादला कर दिया गया। उनके स्थान पर शासन ने नई पदस्थापना नहीं दी है प्रभारी सीईओ के तौर पर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई प्रभार संभाल रही थीं। अब निगम आयुक्त का भी तबादला कर दिए जाने से और उनके स्थान पर नई पदस्थापना नहीं होने से जिला सीईओ व निगम आयुक्त की कुर्सी खाली हो जाएगी। देखना होगा कि इन दोनों महत्वपूर्ण पदों पर शासन किनकी पदस्थापना कब तक करता है।बहरहाल अधिकारियों के अभाव में ठेकेदारों की मुसीबत बढ़ सकती हैं। ग्राम पंचायत पिछले डेढ़ माह से भुगतान लंबित होने से पहले से ही परेशान हैं। चुनावी वर्ष में सरपंचों की सिरदर्द बढ़ गई है। मजदूर ,सप्लायर सभी का दबाव सरपंचों को झेलना पड़ रहा है।