जेलों में बंद हैं 115 किसान, दिल्ली सरकार ने जारी की सूची: सीएम केजरीवाल

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर रैली में हुई हिंसा के बाद जेल भेजे गए किसानों की दिल्ली सरकार ने सूची जारी की है। इसमें 115 लोगों के नाम हैं। लिस्ट में किसानों के साथ उनके पिता का नाम, उम्र, पता और गिरफ्तारी की तारीख व जेल के नाम का भी जिक्र है। इसके आधार पर इनकी पहचान की जा सकती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि सूची में नाम न मिलने की सूरत में संबंधित किसानों के परिजन उनसे संपर्क कर सकते हैं। वह खुद उनका पता लगवाने की कोशिश करने के साथ जरूरत पड़ने पर उपराज्यपाल और केंद्र सरकार से भी बात करेंगे।


सीएम केजरीवाल ने बताया कि कुछ लोगों ने दिल्ली सरकार से संपर्क कर कहा था कि आंदोलन का हिस्सा रहे उनके परिजन लापता हो गए हैं। कई किसान संगठनों ने उनसे निजी तौर पर भी संपर्क किया। मंगलवार शाम किसान संगठनों के कुछ लोग उनसे मिले भी थे।  इसके बाद सरकार ने दिल्ली की अलग-अलग जेलों में किसान आंदोलन से जुड़े लोगों के बारे में पता किया गया। ऐसा संभव है कि जो लोग लापता हैं, उन्हें 26 जनवरी वाली घटनाओं के आरोप में दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया हो। वे किसी जेल में हों और इस वजह से अपने घर के लोगों से संपर्क न कर पाए हों।


सीएम केजरीवाल ने बताया कि ट्रैक्टर रैली में जेल भेजे गए किसानों की उन्होंने सूची बनवाई है। दिल्ली सरकार जनसूचना के लिए यह सूची जारी कर रही है। दिल्ली की अलग-अलग जेलों में आंदोलन से जुड़े 115 लोग हैं। जिनके परिवार के सदस्य लापता हैं, वे यह लिस्ट देख सकते हैं। इससे उन्हें पता चल जाएगा कि उनके घर के लोग कहीं गिरफ्तार तो नहीं किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जाहिर की है कि बहुत सारे लापता लोगों का इस सूची से पता चल जाएगा। भरोसा भी दिया कि अगर इसके बाद भी कुछ लोग लापता रह जाते हैं तो सरकार उन्हें खोजने में मदद करेगी। केजरीवाल ने अपील की है कि यदि किसी परिवार के सदस्य लापता हैं तो वह आम आदमी पार्टी से संपर्क कर सकते हैं।