कोरबा। नगर निगम से बीजेपी ने पूर्व पार्षद संजू देवी राजपूत को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं कांग्रेस ने दिग्गज नेत्री उषा तिवारी पर दांव खेला है। दोनों दिग्गज नेत्रियों को पार्टियां अहम जिम्मेदारियां दे चुकी है। अब दोनों के चुनावी मैदान में उतरने से महापौर कुर्सी की लड़ाई दिलचस्प हो गई है। यह निगम का छठवां चुनाव है और महापौर पद महिला सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है।
तीसरी बार कोरबा को महिला महापौर मिलेगी। प्रत्याशी बनाए जाने के बाद संजू देवी ने पार्टी का आभार जताया और कहा कि पिछले 10 सालों से निगम में विकास कार्य रुके हुए हैं। उन्होंने सडक़, पानी और बिजली जैसी बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का वादा किया है। संजू देवी एक पुलिस परिवार से संबंध रखती हैं। उनके पति चंद्रमा सिंह राजपूत कोरबा में टीआई रह चुके हैं और जांजगीर-चांपा से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके बेटे संजय सिंह राजपूत वर्तमान में मुंगेली जिले में टीआई और साइबर सेल प्रभारी हैं।इस पद के लिए रितु चौरसिया और आरती अग्रवाल भी मजबूत दावेदार मानी जा रही थीं, लेकिन पार्टी ने संजू देवी पर भरोसा जताया है। संजू देवी लंबे समय से भाजपा में सक्रिय हैं और पहले भी नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं। संजू देवी ने स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लडऩे की बात कही है। देर रात कांग्रेस महापौर ने महापौर उम्मीदवारो के नाम का ऐलान कर दिया। दस में से नौ महापौर उम्मीदवार के नाम की घोषणा की गई, जबकि जगदलपुर नगर निगम सीट विचार विमर्श जारी हैं। उषा तिवारी को कोरबा से कांग्रेस ने महापौर का उम्मीदवार बनाया है। जैसे ही सूची जारी हुई उषा तिवारी को दनादन बधाई के फोन आने लगे। कार्यकताओं ने पटाखे फोड़े और एक दूसरे को मुंह मीठा कराया। प्रत्याशी घोषित होने के बाद बातचीत में उषा तिवारी ने कहा मैं कांग्रेस की और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा कर महापौर उम्मीदवार बनाया। उषा तिवारी ने कहा पार्टी ने भरोसा जताया है निश्चित रूप से उस पर खरा उतरूंगी। महापौर बनने के बाद कोशिश रहेगी की जनता के हित के हित के लिए ज्यादा से ज्यादा काम हो। खास कर माताओं बहनों के लिए और भी अधिक से अधिक काम किए जायेंगे, साथ ही साथ हर वार्ड के विकास के लिए काम किए जाएंगे।
आज संजू दाखिल करेंगी नामांकन
28 जनवरी मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के कोरबा नगर निगम के महापौर और पार्षद प्रत्याशियों की नामांकन रैली घंटाघर स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर ऑडिटोरियम से सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी।भारतीय जनता पार्टी ने जिले के सभी निकायों के महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों की सूची जारी कर दी है। रविवार की देर शाम पार्टी जिला कार्यालय में नगर विधायक, वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री, कोरबा निगम चुनाव प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन, जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, संयोजक अशोक चावलानी, सहसंयोजक डॉ राजीव सिंह, महापौर प्रत्याशी संजू देवी राजपूत की उपस्थिति में नामांकन रैली को लेकर बैठक हुई। 28 जनवरी की सुबह 10 बजे से नामांकन रैली प्रारंभ होगी। नामांकन रैली को लेकर विस्तृत कार्य योजना बैठक में बनाई गई।
कांग्रेस ने निकायों में भी घोषित किए प्रत्याशी
महापौर के साथ ही कांग्रेस ने नगर पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष के लिए भी प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। नगर पालिका परिषद कटघोरा से राज जायसवाल, दीपका से विशाल शुक्ला, बांकीमोंगरा से माया अग्रवाल व नगर पंचायत पाली से सावित्री श्रीवास व छुरीकला से धीरज यादव प्रत्याशी होंगी।