संसदीय सचिव शकुंतला साहू की बर्थ-डे पार्टी आयोजित करवाने वाले जनपद सीईओ हुए सस्पेंड, जानिए पूरा मामला

रायपुर। संसदीय सचिव शकुंतला साहू के जन्मिदन पर भोजन-भजन के आयोजक जनपद सीईओ लखन लाल सोनवानी को सोमवार को सस्पेंड कर दिया गया।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के उप सचिव अशोक चौबे ने सोनवानी को संस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई सिविल सेवा (आचरण) नियम-1965 नियम-3 एवं नियम 5 (1) के विपरीत होने पर की गई है।

क्या है मामला ?

दरअसल, प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी विधायक के जन्मदिन उत्सव के लिये सरकारी खर्च करने का आदेश जारी किया गया था। इसके लिए बाकायदा जनपद पंचायत के भृत्य से लेकर अधिकारियों तक को टेंट से लेकर जलपान तक की व्यवस्था के लिए आदेश जारी कर दिया गया था। जन्मदिन के कार्यक्रम में 500 लोगों के आने की संभावना जताई गई थी।

हालाँकि जनपद पंचायत पलारी के सीईओ एल.एल सोनवानी ने इस मामले को लेकर तोपचंद डॉट कॉम से कहा था “इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम नहीं था, महिला समूह का गठन होने पर उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें क्षेत्रीय विधायक शकुंतला साहू का संबोधन होना था”।