कोरबा । कोरबा में महिला पंचायत सचिव की अधजली लाश घर में मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मृतिका ने डेढ़ साल पहले परिवार वालों को जानकारी दिये बगैर ही प्रेम विवाह कर लिया था। उसका पति भी कोरबा जनपद पंचायत के ग्राम चिर्रा में पंचायत सचिव है। बेटी की मौत की जानकारी के बाद जब परिजन कोरबा पहुंचे, तो उन्हे उनकी बेटी की शादी की जानकारी हुई। जिसके बाद मृतिका की मां ने इस पूरे घटनाक्रम पर जहां हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं मां ने समाज के डर से बेटी की लाश लेने से इंकार कर दिया।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की शाम अनिमेष कुमार लदेर ने पुलिस को सूचना दी थी। उसने बताया कि उसकी पत्नी सुषमा खुसरों ने घर के दरवाजे को अंदर से बंद कर खुद को आग लगा ली है। घटना के वक्त वह घर में नही था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची। घर के कमरें में फर्श पर पड़ी अधजली लाश मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं इस घटना की जानकारी मृतिका के परिजनों को दिया गया।
कोरबा पुलिस ने बताया कि मृतिका पोंडी-उपरोड़ा ब्लाक में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थी। साल 2023 में उसने पंचायत सचिव के पद पर ही काम करने वाले अनिमेष से प्रेम विवाह कर लिया था। शादी के डेढ़ साल सुषमा की अधजली लाश मिलने के बाद अब कई सवाल उठ रहे है। मसलन सुषमा ने यदि खुदकुशी की तो उसके क्या कारण थे ? क्या सुषमा की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए लाश को आग के हवाले कर दिया गया ? हकीकत क्या है इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।