राज्य स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह : आकांक्षी जिला कोरबा के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास अधिकारी हुए सम्मानित…..

कोरबा। रायपुर स्थित न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइंस में आयोजित राज्य स्तरीय संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह में आकांक्षी जिला कोरबा को उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए रजत पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग को कलेक्टर के प्रतिनिधि के तौर पर प्रदान किया गया।

इसके साथ ही, जिले के शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जुलाई से सितंबर 2024 तक चले संपूर्णता अभियान के अंतर्गत प्राप्त की गई, जिसमें कोरबा जिले ने 6 में से 5 प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों में शत-प्रतिशत पूर्णता हासिल की।

इस समारोह में श्री सूर्यनारायण केसरी, जिला चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग को गर्भवती महिलाओं के प्रथम तिमाही पंजीयन एवं शिशु टीकाकरण में 100% उपलब्धि हेतु सम्मानित किया गया।
श्रीमती रेणु प्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को गर्भवती महिलाओं को रेडी-टू-ईट राशन वितरण की प्रभावी कार्ययोजना हेतु सम्मानित किया गया।
तामेश्वर प्रसाद उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण एवं दुर्गम क्षेत्रों के विद्युतविहीन विद्यालयों में सौर ऊर्जा की व्यवस्था हेतु सम्मानित किया गया।
डॉ. दीपक राज, खंड चिकित्सा अधिकारी को सी एन सर्वेक्षण के दौरान संभावित माता-पिता की पहचान, फॉलोअप, सास-बहू सम्मेलन एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु सम्मानित किया गया।
डॉ. दीपक सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पोड़ी उपरोड़ा को कायाकल्प अवार्ड और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मोरगा, जटगा एवं तुमान को एनक्यूएएस अवार्ड प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।