कोरबा। बांगो बांध के तीन गेट फिर से खोले गए हैं, ताकि जलस्तर को नियंत्रित किया जा सके। 16 सितंबर 2025 की सुबह 9:10 बजे गेट नंबर 4 को 0.25 मीटर, गेट नंबर 6 को 0.50 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.25 मीटर तक खोला गया था। इसके बावजूद बांध का जलस्तर 358.29 मीटर पर स्थिर रहा।
👉3 गेट से छोड़ा जा रहा 11,837 क्यूसेक पानी
जलस्तर को कम करने के लिए सुबह 9:40 बजे इन गेटों को और अधिक खोला गया। गेट नंबर 4 को 0.50 मीटर, गेट नंबर 6 को 1.00 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.50 मीटर तक खोल दिया गया है। वर्तमान में तीनों गेट इसी स्तर तक खुले हैं।
इन गेटों से कुल 11,837 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अतिरिक्त, हाइड्रेल पावर प्लांट के माध्यम से भी 9,000 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।इस तरह कुल मिलाकर बांध से 20,837 क्यूसेक पानी का निकास किया जा रहा है।
👉निचले इलाको को किया गया है सतर्क
पानी की इस बढ़ती मात्रा को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।जलस्तर नियंत्रण के लिए बांध प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है।
