रायपुर। राजधानी रायपुर की सेंट्रल जेल में एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार सुनील महानद ने जेल की बड़ी गोल 5 नंबर बैरक में सोमवार की शाम लगभग 6 बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने जेल प्रशासन पर कैदी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए इस घटना के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। जेल की व्यवस्था और सुरक्षा पर भी कई गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। घटना के बाद गंज थाना इलाके में तनाव फैल गया। बड़ी संख्या में गाड़ा समाज के लोग जेल के बाहर धरना देते रहे और उच्च स्तरीय जांच एवं मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। विरोध प्रदर्शन से महकमे में हड़कम्प मच गया ,पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर तत्काल पहुंच स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैदी की मौत आत्महत्या थी या किसी अन्य कारण से हुई।
