सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए 25 किलो 450 ग्राम गांजा जब्त किया है। तस्कर सामान्य यात्रियों की तरह ट्रॉली बैग और सूटकेस में गांजा छिपाकर बस और ट्रेन के माध्यम से ओडिशा से उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक सप्लाई करते थे। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े तीन आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। जांच में मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक तस्करी के तार जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
👉सुकमा चेकपोस्ट पर घेराबंदी, ट्रॉली बैग से मिला 25 किलो गांजा

पुलिस के मुताबिक, 21 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से दो व्यक्ति पल्सर मोटरसाइकिल और स्कूटी के जरिए सुकमा की ओर आ रहे हैं। उनके पास ट्रॉली बैग में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुकमा चेकपोस्ट के पास घेराबंदी की। तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग से 12 पैकेट में रखा 25 किलो 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
👉तकनीकी जांच में मेरठ, नोएडा और दिल्ली तक पहुंचे तस्करी के तार
आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोन की तकनीकी जांच में तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में पता चला कि ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा अलग-अलग वाहकों के जरिए सुकमा पहुंचाया जाता था। इसके बाद खेप को उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा और दिल्ली क्षेत्र तक भेजकर अवैध बिक्री कराई जाती थी। पुलिस के अनुसार, जांच में मेरठ निवासी अशरफ और मोहम्मद कासिफ के साथ नोएडा निवासी एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई।
👉जगदलपुर में पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, सुकमा से वापस भागने के प्रयास में आरोपियों के जगदलपुर पहुंचने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सुकमा पुलिस ने जगदलपुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
👉सामान्य यात्री बनकर ट्रॉली बैग और सूटकेस में करते थे तस्करी
जांच में तस्करी का तरीका भी सामने आया है। नेटवर्क में शामिल लोगों की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय थीं। मलकानगिरी के स्थानीय युवक दोपहिया वाहनों से गांजे की खेप सुकमा तक पहुंचाते थे। इसके बाद दूसरे वाहक सामान्य यात्रियों की तरह ट्रॉली बैग, सूटकेस और अन्य सामान में गांजा छिपाकर बसों और ट्रेनों से निर्धारित ठिकानों तक ले जाते थे। पुलिस के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर और बेरोजगार लोगों को पैसों का लालच देकर इस अवैध कारोबार में वाहक के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
👉मुख्य सरगना की पहचान, अन्य सहयोगियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की एंड-टू-एंड जांच में गांजे के स्रोत से लेकर परिवहन, रिसीविंग, अंतिम डिलीवरी और बिक्री तक जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। नेटवर्क के मुख्य सरगना की पहचान कर ली गई है। ओडिशा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में सक्रिय अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस वित्तीय लेन-देन, गांजे की खरीद और तस्करी से अर्जित अवैध धन का पता लगाने में जुटी है। अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
