दिल्ली। देश के संसदीय इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार ओम बिरला ने बताया कि केंद्रीय बजट 2026 रविवार, 1 फरवरी को लोकसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। यह अब तक की परंपरा से अलग कदम माना जा रहा है, क्योंकि आमतौर पर बजट कार्यदिवस में ही पेश किया जाता रहा है।
बजट 2026 के साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक और रिकॉर्ड अपने नाम करेंगी। यह आठवीं बार होगा जब वे भारत सरकार का आम बजट पेश करेंगी। लगातार कई वर्षों से बजट प्रस्तुति की जिम्मेदारी संभाल रहीं निर्मला सीतारमण का यह बजट राजनीतिक और आर्थिक दोनों ही दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

इससे पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजीजू ने बजट सत्र 2026 की तारीखों का ऐलान किया था। उन्होंने बताया था कि बजट सत्र 28 जनवरी से 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा और इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। इस शेड्यूल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की भी मंजूरी मिल चुकी है।
मंजूर कार्यक्रम के अनुसार बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी 2026 से 13 मार्च 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च 2026 से 2 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया जाएगा। बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति के संयुक्त सत्र को संबोधित करने से होगी, जिसके बाद आर्थिक सर्वेक्षण और फिर आम बजट पेश किया जाएगा।
बजट 2026 को लेकर आम लोगों की उम्मीदें भी काफी ज्यादा हैं। पिछले बजट में सरकार ने मिडिल क्लास और सैलरीड वर्ग को बड़ी राहत दी थी। न्यू टैक्स रिजीम के तहत 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री किया गया था, साथ ही 75 हजार रुपये का स्टैंडर्ड डिडक्शन भी दिया गया था। इसके अलावा जीएसटी स्लैब में भी बड़े बदलाव देखने को मिले थे, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिली थी।
अब एक बार फिर से सवाल यही है कि क्या सरकार इस बजट में मिडिल क्लास को कोई नया तोहफा देगी। टैक्स में और राहत मिलेगी या नहीं, इस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। आम आदमी से लेकर उद्योग जगत तक, हर वर्ग को बजट 2026 से बड़ी उम्मीदें हैं। इन सभी सवालों के जवाब अब 1 फरवरी को ही सामने आएंगे, जब रविवार के दिन देश का आम बजट पेश किया जाएगा।
