UP :शादी में बाइक नहीं मिलने पर पति ने नई दुल्हन को दिया तलाक ,ससुराल में हुआ जुल्म ,बेईमान पति का फरमान -“हलाला कराकर आ ,तब रखूंगा “,जानें पूरा मामला ….

उत्तरप्रदेश । उत्तरप्रदेश के बांदा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि शादी के बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और जब हालात बिगड़े तो उसे दोबारा घर में रखने के लिए हलाला करने की शर्त रखी गई।

पुलिस ने इस मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

👉दहेज को लेकर शुरू हुई प्रताड़ना

मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने जून 2025 में अपनी क्षमता के अनुसार उसका निकाह किया था। शादी के बाद जब वह ससुराल पहुंची तो उसे पता चला कि पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। महिला का आरोप है कि इसके बाद से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार उसे खाना तक नहीं दिया गया। परिवार बचाने की कोशिश में वह सब कुछ सहती रही। बताया गया कि पहले भी विवाद बढ़ने पर पुलिस की मदद से समझौता कराया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। आखिरकार दिसंबर 2025 में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।

👉2 लाख रुपए और बाइक की मांग

पीड़िता के अनुसार, ससुराल वालों ने उसके मायके पक्ष को बुलाकर कहा कि 2 लाख रुपये नकद, हीरो होंडा बाइक दी जाए, तभी बात आगे बढ़ेगी। महिला का आरोप है कि इसी दौरान उसे कहा गया कि उसे तलाक दे दिया गया है और अब अगर वह दोबारा साथ रहना चाहती है तो पहले हलाला कराकर आए। इसके साथ ही उसे अपशब्द भी कहे गए।

👉पुलिस में दर्ज हुई शिकायत

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पति सहित चार ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

👉क्या बोले थाना प्रभारी मटौंध

थाना के एसओ संदीप कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

👉सामाजिक पहलू

यह मामला न सिर्फ दहेज प्रताड़ना बल्कि धार्मिक और सामाजिक प्रथाओं के दुरुपयोग को लेकर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।