CG : ई सिगरेट पर बड़ी कार्रवाई,2 दुकानों से प्रतिबंधित वेप व फ्लेवर लिक्विड जब्त,स्कूली बच्चों को बेच नशे की लत लगाने वाला संचालक गिरफ्तार ,पुलिस ने दिया यह बड़ा संदेश …

सरगुजा/अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस और आबकारी उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मणीपुर क्षेत्र की दो दुकानों से प्रतिबंधित ई-सिगरेट, वेप और फ्लेवर लिक्विड जब्त किए हैं, इस दौरान दो दुकान संचालकों को गिरफ्तार किया गया है,जानकारी के अनुसार, संभागीय आबकारी उड़नदस्ता दल के प्रभारी रंजीत गुप्ता को स्थानीय स्कूल संचालकों से सूचना मिली थी कि कुछ दुकानों में अवैध रूप से ई-सिगरेट बेची जा रही है, जिसका उपयोग स्कूली बच्चे और युवा कर रहे हैं,सूचना मिलने पर उन्होंने अंबिकापुर पुलिस के सीएसपी राहुल बंसल को अवगत कराया।

इसके बाद पुलिस और आबकारी टीम ने मणीपुर स्कूल के सामने स्थित अमित मोबाइल एवं गिफ्ट गैलरी में छापा मारा, यहां से संचालक अमित अग्रवाल (35 वर्ष) के कब्जे से 148 नग फ्लेवर लिक्विड, 16 वेप, 2 ई-सिगरेट, 12 ब्रेन फ्रेशर फ्लेवर और 4 चाइना चाकू जब्त किए गए।

साथ ही स्कूल रोड स्थित पान ठेला एवं डेली निड्स दुकान पर भी कार्रवाई की गई। यहां से संचालक सुशील कुमार केशरी (35 वर्ष) के पास से 24 नग ई-सिगरेट रिफिल और 10 नग फ्लेवर बरामद किए गए, यह दुकान कई बड़े स्कूलों के पास स्थित है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7 व 8, बीएनएस की धारा 270 और कोटपा एक्ट की धारा 6(ख) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है, साथ ही उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-सिगरेट निकोटिन और फ्लेवर लिक्विड को गर्म कर भाप बनाती है, जिसे सांस के माध्यम से फेफड़ों तक पहुंचाया जाता है, इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और युवाओं में नशे की लत को बढ़ावा देता है,सरगुजा एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और छात्रों से अपील की है कि बच्चों और युवाओं को ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें,पुलिस ने बताया कि यह जिले में ई-सिगरेट के खिलाफ पहली बड़ी कार्रवाई है,आगे भी स्कूलों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।