रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को नक्सल ऑपरेशन पर मैराथन बैठक की। बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है। बैठक को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर लिखा कि छत्तीसगढ़ सरकार, और अधिकारियों के साथ नक्सल विरोधी अभियानों पर समीक्षा बैठक की।
उन्होंने आगे लिखा कि सिक्योरिटी सेंट्रिक स्ट्रेटजी, इंफ्रास्ट्रक्चर, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर प्रहार और आत्मसमर्पण नीति के पहले सकारात्मक परिणाम आए हैं, और इस 31 मार्च से पहले नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त हो रहा है। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।
👉 नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत: सीएम विष्णुदेव साय
बैठक को लेकर सीएम विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक प्रगति का सशक्त संकेत है। डबल इंजन सरकार की सटीक सुरक्षा-केंद्रित रणनीति, सुदृढ़ आधारभूत संरचना, नक्सल फाइनेंशियल नेटवर्क पर कड़ा प्रहार तथा प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के सकारात्मक परिणाम आज छत्तीसगढ़ सहित नक्सल दंश से पीड़ित सभी प्रदेशों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और आपके सशक्त मार्गदर्शन में हम 31 मार्च तक छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने के अपने संकल्प को सिद्ध करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ तीव्र गति से अग्रसर हैं।
बैठक में केन्द्रीय गृह सचिव, आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक, गृह मंत्रालय के विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा), केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, ITBP के अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक और छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, झारखंड और तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
