कोरबा। अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक एवं संत श्री धीरेन्द्र शास्त्री जी के सान्निध्य में आयोजित होने जा रही दिव्य श्री हनुमंत कथा की रूपरेखा तय करने बुधवार को जश्न रिसॉर्ट में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समाजसेवी राणा मुखर्जी ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा का शुभारंभ 28 मार्च से होगा, जबकि इसके पूर्व 27 फरवरी को 21 हजार माताओं-बहनों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। विशेष बात यह रहेगी कि कोरबा के सफाई कर्मी इस धार्मिक आयोजन में मुख्य यजमान की भूमिका निभाएंगे।


बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संभागीय सर संघचालक एवं विद्या भारती (मध्य क्षेत्र) के उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर ने कहा कि भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सभी से मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
समाजसेवी सुबोध सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए जिलेवासियों से समय, अनुभव और आर्थिक सहयोग देने का आह्वान किया। नगर निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन कोरबा के लिए ऐतिहासिक होगा और वे प्रतिदिन इसमें शामिल रहेंगे। उन्होंने बताया कि लगभग 2 करोड़ 80 लाख रुपये का संभावित बजट है, जिसे श्रद्धालुओं के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
बैठक में संयोजक अमरजीत सिंह, सचिव डॉ. पवन सिंह, कोर टीम सदस्य ऋषभ केशरवानी, तपिश, रवि गिडवानी, नवल गुप्ता और ऋषभ शुक्ला सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। भारत मां की रसोई के संचालन की जिम्मेदारी समाजसेवी प्रेम मदान को दी गई है।
आयोजकों के अनुसार, 28 मार्च से 1 अप्रैल तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
