बिलासपुर | न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लुटेरों ने एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। राजकिशोर नगर वसंत विहार चौक के पास महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप के संचालक संतोष तिवारी को लहूलुहान कर बदमाश 2 किलो 200 ग्राम सोना और 3.50 लाख नकद समेत उनकी कार लूटकर फरार हो गए। कुल लूट की कीमत लगभग 3 करोड़ 35 लाख रुपये आंकी जा रही है।
👉0 फिल्मी अंदाज में घेराबंदी, फिर खूनी खेल


रात करीब 8:30 बजे संतोष तिवारी दुकान बंद कर जेवर और कैश लेकर घर जा रहे थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार ने उनकी गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। संतोष जैसे ही नीचे उतरे, करीब आधा दर्जन बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर लुटेरों ने पिस्टल के बट और हथौड़े से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, उनके सिर पर 50 टांके लगे हैं और वे फिलहाल आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
👉 पिस्टल की मैगजीन गिरी, एक राउंड फायर भी हुआ
वारदात के दौरान बदमाशों में हड़बड़ी भी दिखी। संघर्ष के समय पिस्टल की मैगजीन जमीन पर गिर गई, जिसके बाद हमलावरों ने हथौड़े का इस्तेमाल किया। सीसीटीवी फुटेज में डकैत कार को टक्कर मारते और हमला करते साफ नजर आ रहे हैं। इस दौरान एक बदमाश ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर भी किया। वारदात के बाद लुटेरे संतोष की कार और अपनी गाड़ियों के साथ फरार हो गए।
👉पुलिस की नाकेबंदी, बाहरी गिरोह पर शक

वारदात की खबर मिलते ही आईजी रामगोपाल गर्ग और पुलिस की भारी टीम मौके पर पहुंची। लुटेरों द्वारा छोड़ी गई एक कार उरतुम के पास बरामद हुई है। फोरेंसिक टीम और सर्च डॉग की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इस बड़ी लूट में किसी बाहरी पेशेवर गिरोह के साथ स्थानीय ‘मुखबिर’ भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पूरे जिले में नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
