बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई, जिसमें नकाबपोश हमलावरों ने ज्वेलरी व्यापारी संतोष तिवारी पर कट्टे की नोक पर हमला किया और फायरिंग भी की। हमलावरों ने व्यापारी के सिर पर भी हमला किया और ज्वेलरी से भरा बैग और वाहन लेकर फरार हो गए।

घटना राजकिशोर नगर के महावीर सिटी के पास हुई। हमलावरों ने अचानक संतोष तिवारी पर हथौड़ी से हमला किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले से संतोष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमलावरों ने जिस कार और बाइक से फरारी भरी थी, वे घटना स्थल पर ही छोड़ गए, जिससे पुलिस को शुरुआती सुराग मिलने में मदद मिली।
इस दौरान घटनाक्रम CCTV फुटेज में भी कैद हो गया, जो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सबूत साबित हो सकता है। नकाबपोश हमलावरों ने व्यापारी पर अचानक हमला किया और ज्वेलरी बैग लेकर भाग गए। पुलिस ने घटना के तुरंत बाद इलाके में नाकेबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। टीम घटनास्थल पर मौजूद है और आसपास के सीसी टीवी कैमरों और राहगीरों से पूछताछ की जा रही है। सरकंडा थाना प्रभारी ने बताया कि व्यापारी को गंभीर चोटें आई हैं और मामले में फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की मदद ली जा रही है।
पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने के लिए सभी संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
