कोरबा । छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के प्राधिकारी शशिकांत द्विवेदी गुरुवार को जिला कोरबा के दौरे पर रहे। उनके आगमन पर जिला विपणन कार्यालय, कोरबा में जिले के जिला विपणन अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी एवं विपणन प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्राधिकारी द्विवेदी ने की।


बैठक के दौरान जिले में अन्य जिलों से हो रहे धान उठाव तथा मिलर्स द्वारा समितियों से किए जा रहे धान उठाव की विस्तृत समीक्षा की गई। प्राधिकारी द्विवेदी ने जिले में अब तक हुए धान उठाव पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को त्वरित गति से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि धान उठाव को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप 28 फरवरी तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। साथ ही, उठावित धान से तैयार चावल को नागरिक आपूर्ति निगम (NAN) और एफसीआई में समयबद्ध रूप से जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।
प्राधिकारी द्विवेदी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समितियों में धान उठाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
