KORBA : शादी के वादे के बीच बदल दिया इरादा, दगाबाज अधिकारी यौन शोषण के आरोप में रायगढ़ से गिरफ्तार ….

कोरबा-कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा में पदस्थ रहे पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला कटघोरा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।

शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि आरोपी अधिकारी ने शादी का प्रलोभन देकर पिछले लगभग एक वर्ष से उसका दैहिक शोषण किया। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे विवाह का भरोसा दिलाया था, जिसके चलते दोनों के बीच संबंध स्थापित हुए।
महिला के अनुसार, इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी और विवाह की तैयारियां भी चल रही थीं। हालांकि, अंतिम समय में आरोपी द्वारा शादी से इंकार कर दिया गया। शादी से इनकार के बाद महिला ने स्वयं को ठगा हुआ महसूस करते हुए पुलिस की शरण ली और थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि के संकेत मिलने पर आरोपी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी घटना के बाद अपने गृह क्षेत्र चला गया था। कटघोरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके पश्चात पुलिस टीम ने घरघोड़ा, जिला रायगढ़ में दबिश देकर राहुल साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत कटघोरा लाया गया, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।