कोरबा : जिले के कटघोरा क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां पूर्व कृषि मंडी अधिकारी राहुल साहू पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है.पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राहुल साहू जब कटघोरा में पदस्थ था, उसी दौरान उसने महिला को शादी का प्रलोभन दिया.महिला का आरोप है कि बीते एक वर्ष से आरोपी उसके साथ दैहिक शोषण कर रहा था.बताया जा रहा है कि इसी माह दोनों की शादी भी तय थी, लेकिन अचानक आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया.
शादी से इंकार के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया.
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल साहू को घरघोड़ा (जिला रायगढ़) स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कर दिया गया है.पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
