CG : ‘शादी में जूता चुराई बंद ‘ फोन पर इनकी मौजूदगी में ही कर सकेंगे बात ,जानें सेन समाज के इस निर्णय की वजह ,जिसकी पूरे प्रदेश में हो रही चर्चा …..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेन समाज ने सगाई के बाद टूटते रिश्तों को लेकर चिंता जताई है और मंगेतरों को अकेले में फोन पर बात करने से रोक दिया है. सेन समाज ने एक और फैसला लिया है कि अब दुल्हन की बहनें शादी के दौरान दूल्हे का जूता नहीं छुपा पाएंगी. सेन समाज की आबादी राज्य में करीब सवा दो लाख है और इनमें से लगभग 70 फीसदी लोग लोग सैलून का काम करते हैं.

👉शादी से पहले लड़का-लड़की की बातचीत सिर्फ माता-पिता के सामने होगी

बालोद जिले के सेन समाज अध्यक्ष संतोष कौशिक ने बताया कि जिला स्तर की बैठक में कई नए नियम बनाए गए. उन्होंने बताया कि अब सगाई के बाद मंगेतर अकेले में फोन पर बात नहीं कर सकेंगे.

कौशिक ने कहा कि जब टूटते रिश्तों की वजह पता की गई तो सामने आया कि शादी से पहले लड़का-लड़की मोबाइल पर बात करते हैं, जिससे रिश्ते टूट जाते हैं. इसलिए अब सगाई के बाद और शादी से पहले लड़का-लड़की की बातचीत सिर्फ माता-पिता के सामने होगी.

सेन समाज के प्रवक्ता उमेश कुमार सेन ने बताया कि समाज की बैठक में यह भी तय हुआ कि अब दुल्हन की बहनें दूल्हे का जूता नहीं छुपा पाएंगी, क्योंकि इससे दोनों पक्षों में विवाद हो जाता है.