CG : नहीं थम रहा अनैतिक कृत्य, इस जिले में किराए के मकान में आधी रात संदिग्ध हालत में पकड़ाए 5 युवक -युवतियां …

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में एक किराए के मकान में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर कॉलोनीवासियों ने आधी रात जमकर हंगामा कर दिया. जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के पीछे स्थित एक मकान में देर रात कुछ लोगों के आने-जाने की गतिविधियां देखी जा रही थीं, जिससे आसपास के लोग पहले से ही संदेह में थे.

बताया जा रहा है कि देर रात कॉलोनी के लोगों ने निगरानी की तो मकान के अंदर 5 युवक-युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद मिले. इसके बाद गुस्साए कॉलोनीवासियों ने मकान को घेर लिया और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाल लिया. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा.

स्थानीय लोगों को शक है कि मकान में देह व्यापार जैसी अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं. कॉलोनीवासियों का कहना है कि इस मकान में कई दिनों से संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा था.

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी युवक-युवतियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मकान मालिक सहित अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में वास्तव में अवैध गतिविधियां चल रही थीं या नहीं. वहीं घटना के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है.