धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो ने धमतरी जिले के कुरूद एसडीएम कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-3 के बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस मामले में प्रार्थी प्रकाश चंद्राकर, निवासी शिक्षक कॉलोनी वार्ड नंबर 15 धमतरी ने एसीबी रायपुर में शिकायत दर्ज थी कि ग्राम कंहारपुरी, तहसील कुरूद स्थित अपनी कृषि भूमि को व्यावसायिक प्रयोजन के लिए डायवर्सन कराने हेतु उसने कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद में आवेदन दिया था।
👉रिश्वत मांगा तो सीधे एसीबी कार्यालय पहुंचा पीड़ित
आवेदन के बाद कार्यालय में पदस्थ बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी ने डायवर्सन करने के एवज में 20,000 रुपये रिश्वत की मांग की। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया। शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी पहली किश्त के रूप में 10,000 रुपये लेने पर सहमत हो गया।
बाबू के खिलाफ छापे की कार्रवाई के लिए आज एसीबी ने ट्रैप आयोजित कर आरोपी को प्रार्थी से प्रथम किश्त 10,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 (संशोधित 2018) के तहत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
