CG :नहीं थम रहा हाथियों की मौत का सिलसिला, कुरकुट नदी में तैरती मिली 2 हाथियों की लाश ,वन विभाग में हड़कम्प …

रायपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा फारेस्ट रेंज 2 हाथियों की लाश कुरकुट नदी में तैरती मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में लगभग 19 हाथियों का झुंड घूम रहा था। बुधवार को ग्रामीणों ने देखा कि कुरकुट नदी के पास कक्ष क्रमांक 1273 RF के पास दो हाथी मृत पड़े हैं।

ग्रामीणों ने तुरंत वन अमला को इस बारे में सूचना दी। इसके बाद घरघोड़ा के प्रभारी रेंजर और अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथियों के शव को बाहर निकालने के लिए प्रयास शुरू किए।

बताया गया है कि एक शव को निकाल लिया गया है, जिसकी उम्र लगभग 5 साल बताई जा रही है। वहीं दूसरा शव नदी में थोड़ी दूर है, उसे निकालने की कोशिश जारी है।

हाथियों के शवों को बाहर निकालकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद है। मौके पर डॉग स्क्वायड की टीम भी मौजूद है, लेकिन जांच में अभी तक किसी मौत का स्पष्ट कारण पता नहीं चला।

संभावना जताई जा रही है कि हाथियों की नहाते या नदी को पार करते समय डूबने से मौत हुई होगी। हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण पता चल सकेगा।
घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के प्रभारी रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि नदी में दो हाथी मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। इनमें से एक शव को बाहर निकाल लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह सामने आएगी।