वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य का विदेशी सोना बरामद किया है। इस मामले में महाराष्ट्र के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नियमित चेकिंग अभियान के दौरान की गई। जानकारी के मुताबिक जब डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंची, उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस की नजर दो संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस को अपनी ओर आता देख दोनों घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
👉पकड़े गए आरोपियों की पहचान
बालासो जाधव (36) निवासी सतारा और तेजस पंवार (23) निवासी पुणे के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों के कपड़ों में छिपाकर रखे गए सोने के बिस्कुट मिले। जांच में कुल 19 गोल्ड बार बरामद हुए, जिनका कुल वजन 2.215 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 54 लाख 40 हजार रुपये है। तस्करों ने सोने के बिस्कुट अपने पैंट के अंदर छिपाकर रखे थे और इसके लिए कपड़ों को विशेष रूप से काटकर जगह बनाई गई थी, ताकि सोना आसानी से छिपाया जा सके।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह विदेशी मूल का सोना है जिसे बांग्लादेश के रास्ते भारत में लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह खेप कूचबिहार से दिल्ली ले जाई जा रही थी।
जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यह एक संगठित तस्करी गिरोह का मामला हो सकता है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
