रायपुर – महासमुंद । महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर रविवार को रोप वे केबल टूटने से हुई हादसे के 2 दिन बाद दूसरी मौत के बाद आखिरकार सरकार को मुआवजे की याद आ गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हाल ही में हुई रोप-वे दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है. उन्होंने दिवंगत श्रद्धालु के परिजनों को 5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है, ताकि इस कठिन समय में उन्हें संबल मिल सके.
मुख्यमंत्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दुःख की घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता के लिए तत्पर है.
👉दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा : CM साय
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा.
👉रोप वे केबल टूटने से 2 की मौत ,15 घायल



खल्लारी माता मंदिर स्थित रोपवे में 22 मार्च को हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल गोविंद स्वामी ने रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल में मंगलवार की शाम उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। गोविंद स्वामी शहर के प्रतिष्ठित परिवार से हैं। स्वामी परिवार के पृथ्वीराज स्वामी ने खबर की पुष्टि की।इससे पूर्व खल्लारी स्थित प्रसिद्ध मंदिर परिसर में संचालित रोपवे का केबल 100 फीट की ऊंचाई से टूटने से यह हादसा हुआ था, जिसमें घटना के दौरान 28 वर्षीय आयुषी साठकर निवासी रायपुर की मौत हो गई थी। 16 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए थे,जिनमें गोविंद स्वामी भी शामिल थे।
