विशाखापट्टनम में श्रद्धा वालकर जैसा कांड , शादीशुदा नेवी ऑफिसर ने प्रेमिका को काटकर फ्रिज में सजाया,गायब सिर की तलाश में कांपी पुलिस ,जानें इश्क ब्लैकमेलिंग और कत्ल की पूरी स्टोरी …..

आंध्रप्रदेश। आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम में श्रद्धा वॉल्कर जैसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक शादीशुदा नेवी अफसर ने अपनी प्रेमिका मौनिका की हत्या कर उसके शरीर के टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्रिज में छिपा दिया. आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर अपना गुनाह कबूल किया है. हत्या की वजह पैसों का विवाद और ब्लैकमेलिंग बताई जा रही है. पुलिस को फ्रिज से शरीर के अवशेष मिले हैं.

विशाखापट्टनम में एक नेवी अफसर की करतूत ने श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड की याद फिर से ताजा कर दी है. गाजुवाका के एलवी नगर में एक शादीशुदा नेवी अफसर ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर उसके शरीर के अंगों को फ्रिज और बोरियों में भरकर रख दिया. आरोपी की पहचान 35 वर्षीय चिंतादा रवींद्र के रूप में हुई है, जबकि मृतका 29 वर्षीय पॉलिपल्ली मौनिका थी.
मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि आईएनएस डेगा में तैनात रवींद्र और मौनिका की मुलाकात साल 2021 में एक डेटिंग ऐप पर हुई थी. रवींद्र शादीशुदा था, लेकिन उसने मौनिका के साथ अफेयर स्टार्ट कर दिया. रवींद्र की पत्नी पिछले कुछ हफ्तों से विजयनगरम स्थित अपने मायके रह रही थी. घर खाली पाकर रवींद्र ने रविवार दोपहर मौनिका को अपने घर बुलाया ताकि वे साथ समय बिता सकें.

👉पैसों और ब्लैकमेलिंग ने ली जान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घर बुलाने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. रवींद्र का दावा है कि मौनिका ने उससे 3.5 लाख रुपये ले रखे थे. वह लगातार उसे ब्लैकमेल कर रही थी. मौनिका अक्सर धमकी देती थी कि वह उनके अवैध संबंधों के बारे में रवींद्र की पत्नी को सब बता देगी. रविवार को भी इसी बात पर झगड़ा इतना बढ़ गया कि रवींद्र ने गुस्से में आकर चाकू से मौनिका की हत्या कर दी.

👉फ्रिज में लाश और गायब सिर

हत्या करने के बाद रवींद्र ने सबूत मिटाने के लिए मौनिका के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. उसने कुछ अंगों को बोरी में भरकर सुनसान जगह पर फेंक दिया, जबकि बाकी हिस्सों को अपने घर के रेफ्रिजरेटर में छिपा दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद, उसने खुद पुलिस स्टेशन जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया. जब पुलिस रवींद्र के घर पहुंची, तो वहां का नजारा भयावह था. फ्रिज खोलने पर शरीर के कटे हुए हिस्से बरामद हुए. हालांकि, पुलिस को अब तक मौनिका का सिर नहीं मिला है. पुलिस ने बताया कि रवींद्र ने सिर को कहीं दूर ठिकाने लगा दिया है.

👉श्रद्धा वॉल्कर केस की यादें हुईं ताजा

यह मामला हूबहू 2022 के श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड की याद दिलाता है, जहां आफताब अमीन पूनावाला ने दिल्ली में श्रद्धा की हत्या कर उसके 35 टुकड़े किए थे. उन्हें हफ्तों तक फ्रिज में रखा था. विशाखापट्टनम की इस घटना ने एक बार फिर समाज में सुरक्षा और रिश्तों की जटिलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, पुलिस की एक विशेष टीम मृतका के शरीर के बाकी हिस्सों की तलाश कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है.