विशाखापत्तनम । भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ ने बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश और यनम के तटों पर दस्तक देना (लैंडफॉल) शुरू कर दिया है, जिससे इस इलाके में भारी बारिश हो रही है।

IMD के मुताबिक, चक्रवात के केंद्र में हवा की गति 125 से 135 किमी प्रति घंटा है, जो झोंकों के साथ 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। पिछले तीन घंटों में 3 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के बाद, उम्मीद है कि यह तूफान शुरुआत में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और फिर उत्तर-उत्तर-पश्चिम की दिशा ले लेगा।
IMD ने अपने बुलेटिन में बताया कि लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले 3 घंटों तक जारी रहेगी। लैंडफॉल का स्थान बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यनम के दक्षिण में बताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, लैंडफॉल वाले इलाके में अगले तीन घंटों तक हवा की गति 125 से 135 किमी प्रति घंटा (झोंकों के साथ 150 किमी प्रति घंटा) बनी रहने की संभावना है, जिसके बाद इसमें धीरे-धीरे कमी आएगी।
👉कई लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू इस भीषण चक्रवाती तूफान की गतिविधियों के बारे में अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। आंध्र प्रदेश में 2,199 चक्रवात आश्रय स्थल (साइक्लोन शेल्टर) चिह्नित किए गए हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। इसमें बुजुर्गों, बच्चों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि 2,360 गर्भवती महिलाओं को पहले ही चिकित्सा केंद्रों में पहुंचा दिया गया है।
👉चक्रवात अर्नब ने मचाई तबाही
लैंडफॉल के असर से आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में कई पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव के कारण पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। तेज हवाओं के साथ हुई भारी बारिश के कारण आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में कई पेड़ उखड़ गए, जिससे बीच रोड और सीताम्मधारा के रास्ते अवरुद्ध हो गए।

👉समुद्र में उठा ज्यारभाटा

विभाग ने बाढ़ को लेकर एक बड़ी चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, अगले 4 से 5 घंटों के दौरान सामान्य ज्वार-भाटा के स्तर से 1.5 से 2.5 मीटर ऊंची समुद्री लहरें (स्टॉर्म सर्ज) उठीं। आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में पानी भर गया है। सबसे ऊंची लहरें पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश के काकीनाडा और यनम के आसपास देखने को मिलीं।
👉चक्रवात अर्नब के चलते कई ट्रेनें रद्द, देखें लिस्ट
दक्षिण मध्य रेलवे ने चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर 11 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। रद्द की गई ट्रेनों में सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-भुवनेश्वर नई विशाखा एक्सप्रेस, हैदराबाद-विशाखापत्तनम गोदावरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, महबूबनगर-विशाखापत्तनम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम गरीबरथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, लिंगमपल्ली-काकीनाडा टाउन कोकानाडा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, लिंगमपल्ली-नरसापुर एक्सप्रेस, लिंगमपल्ली-काकीनाडा पोर्ट गौतमी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-संबलपुर नागवल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चारलापल्ली-श्रीकाकुलम रोड स्पेशल और श्रीकाकुलम रोड-चारलापल्ली स्पेशल शामिल हैं।
नागरासोल-नरसापुर एक्सप्रेस को चरलापल्ली और नरसापुर के बीच आंशिक रूप से रद्द कर दिया गया है। 29 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली हावड़ा-सिकंदराबाद फलकनुमा एक्सप्रेस भी रद्द कर दी गई है। साउथ कोस्ट रेलवे पहले ही 61 ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा कर चुका है। दक्षिण मध्य रेलवे ने कहा है कि चक्रवात के तीव्र होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए स्थिति के अनुसार क्षेत्र में रेल सेवाओं के पैटर्न में बदलाव किया जाएगा।
👉ओडिशा में चक्रवात का असर
ओडिशा में, IMD ने गंभीर मौसम की चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, गजपति, गंजाम, रायगडा, कोरापुट, नवरंगपुर और मलकानगिरी जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिनकी गति 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
👉इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट
‘ऑरेंज चेतावनी’ के तहत, कालाहांडी, कंधमाल, नुआपाडा, बलांगीर, बरगढ़, पुरी, खुर्दा, सोनपुर, बौध और नयागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। साथ ही, यहां आंधी-तूफान और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा, एक ‘येलो चेतावनी’ भी जारी की गई है। इसके अनुसार, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, मयूरभंज, अंगुल, ढेंकनाल, क्योंझर, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। यहां आंधी-तूफान के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। यह चेतावनी 28 अक्टूबर से 29 अक्टूबर की रात 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
