चित्तूर: आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार के 3 सदस्यों की मौत हो गई। यह हादसा पलमाकुलपल्ली के पास बेंगलुरु नेशनल हाईवे पर हुआ, जब उनकी कार सड़क पर खड़ी एक APSRTC बस में जा टकराई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग बेंगलुरु से तिरुमला की यात्रा पर थे। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे की जांच की जा रही है।
👉बस पलामानेर से पुत्तूर की ओर जा रही थी

पुलिस के मुताबिक, हादसे के समय बस पलामानेर से पुत्तूर की ओर जा रही थी और सड़क किनारे रुकी हुई थी। तभी तेज गति से आ रही कार ने बस के पीछे भीषण टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में मृतक परिवार के सदस्यों की पहचान 46 वर्षीय श्रीधर राव, उनकी 40 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और 16 वर्षीय बेटी अद्विका के रूप में हुई है। ये सभी तेलंगाना के वारंगल के निवासी थे।
