दिल्ली । भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हर साल की तरह इस बार भी टोल शुल्क में वृद्धि की घोषणा की है। नई दरें 1 अप्रैल 2026 की रात 12 बजे के बाद से लागू होंगी। इस बढ़ोतरी का सीधा असर लखनऊ से रायबरेली के बीच यात्रा करने वाले 30 हजार से अधिक वाहन चालकों पर पड़ेगा।
👉अहम टोल प्लाजा पर बढ़ीं दरें

नवाबगंज, बाराबंकी के अहमदुपुर टोल और रौनाही टोल समेत सभी प्रमुख टोल प्लाजा पर शुल्क में 5 से 10 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल दरों का संशोधन सितंबर से लागू होता है, क्योंकि इस मार्ग का संचालन निजी कंपनी के पास है।
👉मासिक पास और छूट की सुविधाएं जारी
एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गैर-वाणिज्यिक वाहन मालिकों को 360 रुपये में मासिक पास की सुविधा मिलेगी, जो निगोहां के दखिना शेखपुर टोल पर उपलब्ध होगी। इसके अलावा, 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। साथ ही, एक महीने में 50 एकल यात्राएं करने पर सभी श्रेणी के वाहनों को 33 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।
👉सुरक्षा इंतजामों की कमी बनी चिंता
रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही सामने आई है। डिवाइडर पर बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण मवेशी और अन्य जानवर अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा, सड़क किनारे क्रैश बैरियर जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि वर्षों से यहां टोल वसूली जारी है।
