बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। तलवार से हुए हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो नाबालिग पुत्रों के साथ बदला लेने की नीयत से शेख सलीम के घर पहुंचा था। सलीम के घर पर नहीं मिलने पर आरोपी ने उसकी मां मुराद बेगम पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी हमले की चपेट में आ गए और घायल हो गए।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी को अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच कथित संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था और घटना वाले दिन भी यह विवाद हिंसा में बदल गया।
मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने आरोपी को उकसाया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह के अनुसार, चुनावी रंजिश के चलते इस साजिश को अंजाम दिया गया।
कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी, पूर्व सरपंच और दोनों नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। पुलिस इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाने में लगी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
