CG : हाई-टेक तरीके से उगाए गए हाइड्रोपोनिक गांजे की बिक्री करते 2 युवक पकड़ाए ,जानें कैसे हुआ खुलासा ….

भिलाई। छत्तीसगढ़ में पहली बार हाइड्रोपोनिक गांजे का मामला सामने आया है। भिलाई नगर पुलिस ने हाई-टेक तरीके से उगाए गए इस महंगे नशीले पदार्थ की बिक्री करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्रम साहू (29) निवासी तालपुरी और यश विश्वकर्मा (27) निवासी हुडको के रूप में हुई है।

👉जानें कैसे हुआ खुलासा

पुलिस को रुआबांधा क्षेत्र में बीज विकास निगम के पास नशे का कारोबार चलने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

👉क्या-क्या बरामद हुआ

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से, 2 किलो सामान्य गांजा। 2.3 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा। 40 हजार रुपये नकद। महंगा मोबाइल फोन। चिलम, लाइटर और रोलिंग पेपर बरामद किए हैं।

👉पहली बार सामने आया मामला

छत्तीसगढ़ में हाइड्रोपोनिक गांजे की यह पहली बरामदगी मानी जा रही है। आमतौर पर इस तरह का हाई-प्रोफाइल नशा बड़े शहरों और पार्टियों में देखा जाता है, जिससे पुलिस भी हैरान है।

👉बड़े नेटवर्क का शक

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए इस धंधे में उतरे थे। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह हाइड्रोपोनिक गांजा कहां से सप्लाई हो रहा था और इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हैं।

👉क्या होता है हाइड्रोपोनिक गांजा?

यह गांजा मिट्टी के बिना पानी और विशेष पोषक तत्वों की मदद से लैब या बंद कमरों में उगाया जाता है। यह सामान्य गांजे से कई गुना ज्यादा नशीला और महंगा होता है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।