KORBA : जमीन विवाद में रिश्तों का कत्ल,बड़े भाई ने छोटे भाई का गला घोंटकर ले ली जान,जंगल में दबोचा गया आरोपी …

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पोड़ी उपरोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेन्हा (छपार पारा) में जमीन बंटवारे के मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी।

👉हमले का खौफनाक मंजर

पुलिस के अनुसार, आरोपी कल्याण यादव और उसके छोटे भाई दयाराम के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कल्याण ने घर में रखी लाठी से दयाराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
उसने सिर, नाक, पीठ और पैरों पर कई वार किए। जब दयाराम जान बचाने के लिए भागा, तो आरोपी ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया, जमीन पर पटक दिया और गला घोंटकर हत्या कर दी।

👉इलाज के दौरान तोड़ा दम

गंभीर हालत में परिजनों ने दयाराम को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल गौरेला रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

👉पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया था। बैसाखू यादव की शिकायत पर पसान पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने गांवों में सूचना तंत्र सक्रिय किया और ग्राम रक्षा दल व व्हाट्सएप ग्रुप की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।

👉जंगल से दबोचा आरोपी

मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम साढामार के जंगलों में छिपा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 4 अप्रैल 2026 को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

👉पुलिस टीम की सराहना

इस पूरे मामले में पसान पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की सराहना की जा रही है।