कोरबा। यदि आप शहर के मुख्य चौक चौराहों से गुजर रहे हैं तो ग्रीन सिग्नल होने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। दरअसल भीषण गर्मी के मद्देनजर दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक सिग्नल को बंद कर दिया गया है। आप चौक चौराहों को बिना सिग्नल सावधानीपूर्वक पार कर सकते हैं।

प्रदेश में भीषण गर्मी का असर पड़ रहा है। लोग दोपहर होते ही घर से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। किसी जरूरी काम से बाहर निकलने की स्थिति में चश्मा, गमछा, टोपी आदि का सहारा ले रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी हीट वेव को लेकर अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस भीषण गर्मी में यातायात पुलिस के जवान चौक चौराहों पर तैनात रहते हैं। वे सिग्नल का इंतजार कर रहे लोगों को गंतव्य के लिए रवाना करते हैं। जहां तेज धूप का असर जवानों पर पड़ता है, वहीं सफर तय करने वालों को भी कड़कते धूप के बीच सिग्नल खुलने का इंतजार करना पड़ता है। जिससे कई तरह की परेशानियां हो सकती है। भीषण गर्मी के चलते होने वाली परेशानी को पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन डीएसपी डीके सिंह के पर्यवेक्षण में शहर के चौक-चौराहों में लगे सिग्नल को बंद किया गया है। इसके लिए दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस बीच चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को ग्रीन सिग्नल खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे चौराहों को सुरक्षित तरीके से पार करते हुए गंतव्य के लिए रवाना हो सकेंगे।
