CG : बिजली वायर चोरी गैंग बेनकाब ,4 आरोपी गिरफ्तार , 7 लाख का माल जब्त …

रायपुर । रायपुर ग्रामीण पुलिस ने तिल्दा-नेवरा और खरोरा क्षेत्र में बिजली वायर चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए करीब 7 लाख रुपये का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अलग-अलग गांवों में बिजली पोल तोड़कर वायर चोरी की पांच घटनाओं को अंजाम दिया था। इस मामले की शिकायत कनिष्ठ यंत्री अनिल कुमार वर्मा ने थाना तिल्दा-नेवरा में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम कोनारी में 13 अप्रैल की शाम तक बिजली लाइन सामान्य थी, लेकिन 14 अप्रैल की सुबह निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अज्ञात चोरों ने सीमेंट पोल तोड़कर बिजली के तार काट लिए और मौके से फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में तिल्दा-नेवरा पुलिस ने जांच शुरू की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, ग्रामीणों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान खरोरा निवासी देव प्रसाद पारधी पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उसने अपने साथियों—मनमोहन नारंग, हेमलाल धृतलहरे और पंकज कुमार टंडन—के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह ने वर्ष 2025 में भी तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम चांपा खार और कोनारी में बिजली पोल तोड़कर तार चोरी की घटनाएं की थीं। इसके अलावा खरोरा क्षेत्र में भी इसी तरह की दो वारदातों को अंजाम दिया गया था, जिनमें पहले से मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5500 मीटर एल्यूमिनियम वायर, 30 मीटर केबल वायर, 4 नग व्ही क्रॉस एंगल, 2 एल्यूमिनियम कटर मशीन, एक ओमनी कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पहले भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। देव प्रसाद पारधी आबकारी और मारपीट के मामलों में, पंकज टंडन और हेमलाल धृतलहरे डकैती के मामले में, जबकि मनमोहन नारंग दुष्कर्म के मामले में पूर्व में जेल निरुद्ध रह चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में देव प्रसाद पारधी (38 वर्ष, देवगांव), मनमोहन नारंग (25 वर्ष, मंदिर हसौद), हेमलाल धृतलहरे (33 वर्ष, खरोरा/चंदखुरी) और पंकज कुमार टंडन (19 वर्ष, पाटन, दुर्ग) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।