KORBA : पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी ,चोरी के वारदात के 18 घण्टे के भीतर अंतरराज्यीय ज्वेलरी चोर गिरोह का किया पर्दाफाश , XUV300 कार समेत 5 गिरफ्तार ,जानें इनके चोरी के तरीके,प्लानिंग ….

कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए शहर की एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की गुत्थी को महज 18 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल के एक शातिर अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों के पास से साढ़े चार लाख रुपये के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल XUV300 कार बरामद की गई है।

👉ग्राहक बनकर आई थीं महिलाएं

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एमपीटी नगर निवासी अखिल कुमार देवांगन की “दिव्या ज्वेलर्स” (थाना सिविल लाइन रामपुर) में 24 अप्रैल को दोपहर करीब 12:15 बजे तीन महिलाएं ग्राहक बनकर घुसीं। जेवर देखने के बहाने उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और सोने की दो चेन व एक लॉकेट पार कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।

👉सीसीटीवी और ऑटो संघ की मदद से मिले सुराग

पुलिस ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और जिला ऑटो संघ से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्धों की लोकेशन ट्रैक की गई। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपियों को ओडिशा के संबलपुर से धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के रहने वाले हैं नासिर मोल्ला (41 वर्ष),सजना बीबी (40 वर्ष), मिथुन चक्रवर्ती (38 वर्ष), तापसी दास (38 वर्ष)गुलापी दास (55 वर्ष) शामिल है।

👉वारदात का तरीका: ‘नजर हटी, दुर्घटना घटी

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह बेहद योजनाबद्ध तरीके से काम करता था। महिलाएं दुकान के भीतर जाकर कर्मचारियों को अपनी बातों में उलझाती थीं, जबकि पुरुष सदस्य बाहर वाहन के साथ बैकअप के लिए तैयार रहते थे। चोरी के तुरंत बाद ये आरोपी गाड़ी से दूसरे राज्य की सीमा में प्रवेश कर जाते थे ताकि पकड़े न जाएं।

👉अन्य राज्यों में भी दी है दस्तक

जांच में पता चला है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी में भी इसी तरह की चोरियां कर चुका है। इनके निशाने पर छत्तीसगढ़ के कई अन्य बड़े शहर भी थे। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(A) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

👉व्यापारियों से पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने संस्थानों में उच्च गुणवत्ता वाले कैमरे लगाएं और उन्हें हमेशा चालू रखें। पुलिस ने सहयोग के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों और ऑटो संघ का आभार व्यक्त किया है