KORBA : कट्टा लेकर दोस्त की पत्नी को धमकाने वाला आरोपी पहुंचा हवालात…

कोरबा-कटघोरा। पुलिस सहायता केंद्र जटगा, थाना कटघोरा क्षेत्रांतर्गत एक आरोपी के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज कर त्वरित कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।

प्रार्थिया द्वारा आवेदन दे कर आरोपी राकेश दुबे पिता स्वर्गीय देवी शरण, 43 साल निवासी हुसैन, थाना मुस्करा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) हाल मुकाम बांधापारा, जटगा,थाना- कटघोरा के विरुद्ध गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी एवं मारपीट किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं 5 नग जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

👉बताया जा रहा है कि आरोपी लगभग 20 वर्ष से जटगा का निवासी है और यहीं पर उसने स्थानीय युवती से विवाह भी किया है। उक्त मामले में प्रार्थी महिला के पति से उसकी पुरानी दोस्ती है। पति-पत्नी में किसी बात को लेकर अनबन हो गई और बातचीत बंद होने की जानकारी पति के द्वारा अपने मित्र आरोपी राकेश दुबे को बातों ही बातों में दी गई थी। इस बात को लेकर राकेश दुबे थोड़ा आवेश में आ गया और दोस्त की पत्नी को सबक सिखाने के लिए उसे धमकाने कट्टा लेकर दोस्त के घर जा धमका और घटनाक्रम को अंजाम दिया। अब उसे इस तरह से दोस्ती निभाना महंगा पड़ गया और सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।

आरोपी के विरुद्ध धारा- 296, 351(3),331(4), BNS 25,27 आर्म्स एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
कोरबा पुलिस द्वारा इस प्रकार की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से स्पष्ट है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
जिला पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते उचित वैधानिक कार्यवाही की जा सके।