KORBA : चौथिया से लौट रहे परिवार की कार डिवाइडर से टकराई, उड़े परखच्चे ,ढाई साल के मासूम समेत 3 की दर्दनाक मौत …

कोरबा । चाम्पा -कोरबा मार्ग सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे का गवाह बना, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम कोथारी और टोल प्लाजा के बीच तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से जा भिड़ी और कुछ ही सेकंड में कबाड़ में तब्दील हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें एक ढाई साल का मासूम भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, कोरबा के बुधवारी काशीनगर बस्ती निवासी सोनी परिवार शादी समारोह में शामिल होने चांपा गया था। चौथिया की रस्म निभाने के बाद देर रात करीब 2 बजे सभी कार से वापस लौट रहे थे। तभी टोल नाके के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई, पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे खड़ी हाइवा में जा घुसी।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में मोंगरा सोनी (45), देवेंद्र सोनी (22) और मासूम प्रियांश (ढाई वर्ष) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसे में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे बुधवारी काशीनगर इलाके में मातम पसरा हुआ है। खुशियों से लौट रहा परिवार कुछ ही पलों में मातम में बदल गया, और पीछे रह गई सिर्फ चीखें, सन्नाटा और गहरा दुख।