KORBA : पश्चिमी विक्षोभ का असर,तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश,जो जहाँ था वहीं ठहर गया …..

कोरबा। जिले में मंगलवार शाम 5 बजे के बाद मौसम ने अचानक अप्रत्याशित करवट ले ली। तेज आंधी/तूफान और मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। अनेक इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित है।

आंधी औऱ बारिश शुरू होते ही बाजारों और मुख्य मार्गों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई दोपहिया वाहन चालक बारिश और तेज हवा के बीच फंस गए। शहर के निचले इलाकों सहित रविशंकर नगर, बुधवारी, टीपी नगर, पावर हाउस रोड के अलावा अनेक इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। जो जहां था, वहीं सुरक्षित ठिकाना देखकर थम गया। वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतें वाहन चालन में हुई। आंधी के कारण उड़ी धूल, राख, कोल डस्ट ने बुरी तरह प्रभावित किया फिर बारिश ने अपना रूप दिखाया।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण प्रदेश के मौसम में अचानक बदलाव आया है। तेज गर्मी के बीच वातावरण में बनी अस्थिरता के चलते गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश की स्थिति बनी। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ के कोरबा सहित कई जिलों में मौसम खराब हुआ है।


तेज हवाओं के साथ चौतरफा बारिश के चलते कई जगहों पर होर्डिंग और अस्थायी ढांचे भी क्षतिग्रस्त होने की खबर है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि तेज बारिश और हवा से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि अचानक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।