कोरबा । जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार को प्रेस क्लब तिलक भवन में आयोजित “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में पत्रकारों से मुखातिब हुए । कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल सहित क्लब के पदाधिकारियों और जिले के पत्रकारों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने प्रशासन की कार्यशैली, विकास योजनाओं, पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे और कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकता है।

कलेक्टर दुदावत ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी तरीके से जमीन पर उतारना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला खनिज न्यास मद (DMF) से होने वाले सभी कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर और स्थायी विकास प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल और ठोस कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मीडिया से अपेक्षा जताई कि जिले के विकास और जनहित से जुड़ी सही एवं सकारात्मक सूचनाएं जनता तक पहुंचाने में पत्रकार रचनात्मक सहयोग करें।
👉कोरबा–कुसमुंडा सड़क का काम फिर होगा शुरू
“प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम में कलेक्टर ने जिले की बहुप्रतीक्षित सड़कों को लेकर बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से रुका हुआ कोरबा–कुसमुंडा मार्ग निर्माण कार्य अब दोबारा शुरू होने जा रहा है। इस परियोजना के लिए पुनः टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अगले 2 से 3 दिनों में भूमिपूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही बरमपुर से दर्री मार्ग का निर्माण कार्य भी इसी सप्ताह शुरू करने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि इन दोनों सड़कों के बनने से हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी।
👉प्रदूषण नियंत्रण और आधुनिक शहर की दिशा में तैयारी
कलेक्टर ने शहर में बढ़ते प्रदूषण और अव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि कोरबा को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन आधुनिक रोड स्वीपिंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों और इंडस्ट्रियल वैक्यूम क्लीनर आधारित सफाई व्यवस्था शुरू की जाएगी। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए वॉटर स्प्रिंकलर सिस्टम भी लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सामाजिक संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स तथा शहरवासियों की सहभागिता जरूरी होगी। वृक्षारोपण अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
👉शहर में अंडरग्राउंड बिजली नेटवर्क की तैयारी
कलेक्टर दुदावत ने शहर की बिजली व्यवस्था को लेकर भी बड़ी योजना साझा की। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिजली तारों का जंजाल बड़ी समस्या बन चुका है। इसे देखते हुए प्रशासन चरणबद्ध तरीके से अंडरग्राउंड बिजली नेटवर्क विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है।
पहले चरण में मुख्य बाजार और सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इससे एक ओर बिजली बाधित होने की समस्या कम होगी, वहीं दूसरी ओर शहर का सौंदर्य और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी।
