पश्चिम बंगाल के CM सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ के हत्यारा शूटर राजसिंह अयोध्या से गिरफ्तार ,ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कोलकाता पुलिस पश्चिम बंगाल रवाना …..

कोलकाता/अयोध्या। पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कोलकाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे शूटर राज सिंह को उत्तर प्रदेश के अयोध्या से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी यूपी के बलिया जिले का रहने वाला है।

गिरफ्तारी के बाद कोलकाता पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पश्चिम बंगाल रवाना हो गई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड को लेकर जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है, जिसमें मामले से जुड़े कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

👉पहचान छिपाकर अयोध्या में रह रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद राज सिंह अपनी पहचान छिपाने के लिए अयोध्या भाग गया था। वह वहां गुप्त रूप से रह रहा था, लेकिन कोलकाता पुलिस की सटीक सूचना पर अयोध्या पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से बिहार के बक्सर में रह रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि हत्या की पूरी साजिश और प्लानिंग बक्सर में ही रची गई थी। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि शूटर्स के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है और हत्या की सुपारी किसने दी थी।

👉अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में अब तक कुल तीन शूटर्स गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से दो आरोपी बिहार के बक्सर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हत्याकांड के बाद से ही कोलकाता पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस आखिरकार राज सिंह तक पहुंचने में सफल रही।
बता दें कि पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के करीबी और उनके पीए चंद्रनाथ रथ की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल गरमा गया था। भाजपा ने इसे सुनियोजित राजनीतिक हत्या करार दिया था।