👉3 दिन पहले केबल बदलने के बाद से बढ़ी दिक्कत, बिना टेण्डर ठेकेदार को लाभ पहुंचाने की चर्चा
कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधीनस्थ रामपुर विधानसभा क्षेत्र के बरपाली फीडर से जुड़े विद्युत उपभोक्ता लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। यह समस्या पिछले 3 दिनों से बनी हुई है और अब सुधार होगा, तब सुधार होगा के इंतजार में 3 दिन बीत गए लेकिन समस्या जस की तस है।

इस भीषण गर्मी में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बताया गया कि इरीगेशन कॉलोनी बरपाली में 3 दिन पहले केबल बदलने का कार्य कराया गया था। विद्युत अधिकारियों की देखरेख में यह कार्य कराए जाने के बाद माना जा रहा था कि विद्युत आपूर्ति की सुविधा और बेहतर होगी लेकिन यह सुविधा समस्या में तब्दील हो गई है। जिस क्षेत्र में केबल चेंज किया गया है, उस पर आधारित लोगों के घरों में लोग वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। बताया जा रहा है कि इस बारे में जानकारी देने के लिए अधिकारी को फोन करने पर मात्र एक बार ही जेई का फोन उठा और जल्दी सुधार करने की बात कही गई। लेकिन, इसके बाद ना तो सुधार हुआ और ना ही फोन उठ रहा है। लो-वोल्टेज के कारण विद्युत आधारित उपकरणों के सुचारू संचालन में समस्या हो रही है। कूलर, पंखा पूरी गति से काम नहीं करने के कारण खासकर बुजुर्ग और बच्चे परेशान हो रहे हैं। प्रभावित लोगों ने विद्युत अधिकारियों के उपेक्षापूर्ण रवैया के प्रति नाराजगी जाहिर की है।
सोर्स -सत्यसंवाद डॉट कॉम
