कोरबा। जिले में भारतमाला की निर्माणाधीन सड़क अवैध वसूली का केंद्र बन गया है । मार्ग में खुलेआम वसूली का खेल चल रहा है। स्थानीय युवकों द्वारा ट्रकों को रोककर चालकों से पैसे उगाही की जा रही है। दावा है कि शॉर्टकट रास्ते के इस्तेमाल के बदले प्रति गाड़ी 100 रुपए की अवैध वसूली की जा रही है। मामले में जिम्मदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।

दरअसल उरगा-बिलासपुर भारतमाला सड़क पर तरदा के पास मिट्टी डंप कर अवैध रूप से अस्थायी सड़क बना दी गई है। हाईवे की रेलिंग काटकर तैयार किए गए इस कटिंग प्वाइंट से कुसमुंडा से रायगढ़ के बीच चलने वाले कोयला परिवहन के भारी वाहन धड़ल्ले से गुजर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक गांव के करीब 15 युवकों की टोली इस पूरे काम को संचालित कर रही है। बताया जा रहा है कि 24 घंटे में डेढ़ सौ से ज्यादा वाहन इस रास्ते से निकल रहे हैं।
हाल ही में इसी रास्ते पर एक कार अनियंत्रित होकर पलटने की स्थिति में पहुंच गई थी, जिसे बांस और बल्ली के सहारे किसी तरह बचाया गया। अब 18 चक्का ट्रेलर भी गांव की ओर उतरने लगे हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और अवैध मार्ग बंद कराने की मांग की है।
